मध्य प्रदेश :  झाबुआ जिले में विजयदशमी के दिन एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मंगलवार, 20 अक्टूबर को रानापुर क्षेत्र के पटेल फालिया में कुएं में गिरने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतक बच्चों की उम्र करीब 9 से 10 साल बताई गई है। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई। बच्चों को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?

यह घटना झाबुआ जिले के रानापुर क्षेत्र की चुई ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले पटेल फालिया की है। विजयदशमी के दिन जहां लोग दशहरे के उत्सव में व्यस्त थे, वहीं इस गांव में एक दर्दनाक हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं। बताया गया है कि जिस कुएं में बच्चे गिरे, उसकी मुंडेर नहीं बनी हुई थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन को जानकारी दी गई। उस समय प्रशासनिक अधिकारी शहर में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में व्यस्त थे। कार्यक्रम पूरा होने के बाद प्रभारी तहसीलदार राजेंद्र चौहान पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद बच्चों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में आई परेशानी, तीसरे बच्चे को निकालने में लगा समय

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। बचाव दल ने काफी प्रयास करते हुए कुएं से तीनों बच्चों को बाहर निकाला। शुरुआती प्रयास में दो बच्चों के शव निकाल लिए गए, लेकिन तीसरे बच्चे को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे प्रयास के बाद तीसरे बच्चे का शव भी कुएं से बाहर निकाला गया।

मृतक बच्चों की पहचान

इस हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान विवेक, पिता महेश राठौड़, मयंक, पिता शैलेश चौहान और विजय, पिता बाबू चंगोड़ के रूप में हुई है। तीनों बच्चे पटेल फालिया के रहने वाले थे।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जिन परिवारों में दशहरे की खुशियां होनी थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम छाया हुआ है।

कुएं के पास मिली साइकिल, हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस को घटनास्थल पर कुएं के पास बच्चों की साइकिल भी मिली है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चे किन परिस्थितियों में कुएं तक पहुंचे और हादसा कैसे हुआ। तीनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!