भोपाल। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए हादसे के बाद मध्य प्रदेश में जिला प्रशासन लगातार शिक्षण संस्थानों और हॉस्टलों का निरीक्षण कर रहा है। इसी अभियान के तहत राजधानी भोपाल के एक गर्ल्स हॉस्टल में जांच के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई। किचन में सड़ी-गली सब्जियां और फफूंद लगे आलू मिलने पर एसडीएम ने हॉस्टल संचालक को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है।

औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही

एसडीएम एल.के. खरे ने प्रशासनिक टीम के साथ शहर के संजीवनी गर्ल्स हॉस्टल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान जब टीम किचन में पहुंची तो वहां रखी कई सब्जियां सड़ी हुई मिलीं। आलुओं पर फफूंद लगी हुई थी, जबकि अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई।

'क्या आप खुद ऐसा खाना खा सकते हैं?'

किचन की स्थिति देखकर एसडीएम ने हॉस्टल संचालक को मौके पर बुलाकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, 'क्या आप खुद ऐसा खाना खा सकते हैं? फिर छात्राओं को यह भोजन कैसे परोसा जा रहा है?' इसके बाद संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

7 दिन में मांगा जवाब

प्रशासन ने हॉस्टल संचालक को सात दिनों के भीतर नोटिस का जवाब देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फायर सेफ्टी और व्यवस्थाओं की भी हो रही जांच

लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में हाल ही में हुई आग की घटना के बाद मध्य प्रदेश में सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच शुरू की गई है। भोपाल के एमपी नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और अन्य शैक्षणिक परिसरों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान जहां गंभीर अनियमितताएं मिली हैं, वहां कई संस्थानों को सील भी किया गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!