
शिवपुरी। मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए शुक्रवार, 13 नवंबर को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना की 42वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,500-1,500 रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए। सरकार ने इस मद में कुल 1,831 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 221 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और गुना-शिवपुरी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह, पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पिछोर को जिला बनाने की घोषणा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पिछोर को नया जिला बनाने की दिशा में पहल करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर परिसीमन आयोग से सिफारिश करेंगे। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी लंबे समय से क्षेत्र को जिला बनाने की मांग उठा रहे थे।
जून 2023 में शुरू हुई थी लाड़ली बहना योजना
मध्य प्रदेश सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से जून 2023 में लाड़ली बहना योजना शुरू की थी। शुरुआत में पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाते थे। बाद में इसमें 250 रुपये की बढ़ोतरी कर मासिक सहायता 1,250 रुपये कर दी गई। नवंबर 2025 से एक बार फिर 250 रुपये बढ़ाए गए, जिसके बाद यह राशि 1,500 रुपये हो गई।
योजना की किस्त हर महीने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
खाते में किस्त पहुंची या नहीं, ऐसे करें जांच
लाभार्थी महिलाएं योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर भुगतान की स्थिति देख सकती हैं।
इसके बाद स्क्रीन पर आवेदन और भुगतान से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी।
सबसे पहले लाड़ली बहना योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
होम पेज पर आवेदन एवं भुगतान की स्थिति विकल्प चुनें।
अपना आवेदन क्रमांक या समग्र आईडी दर्ज करें।
मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी भरकर सत्यापन पूरा करें।











