बलरामपुर/राजपुर। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में विकासखंड राजपुर में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण महाअभियान का सफल आयोजन किया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष अभियान के तहत विकासखंड के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए एक ही दिन में 304 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह महाअभियान किशोरी बालिकाओं को भविष्य में गर्भाशय में होने वाले गंभीर बीमारियों सहित एचपीवी संक्रमण से होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने न केवल टीकाकरण किया, बल्कि किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को टीके के महत्व, इसके लाभ तथा स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया।

अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में 131, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियों में 59, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेवतपुर में 80, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर में 22 तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरा में 12 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया। इस प्रकार विकासखंड राजपुर में कुल 304 किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश जायसवाल ने बताया कि जिले की कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में भविष्य में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है, इसलिए किशोरावस्था में यह टीका लगाना अत्यंत आवश्यक है। यह टीका बालिकाओं को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में प्रभावी भूमिका निभाता है।

डॉ. जायसवाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य विकासखंड की सभी पात्र किशोरी बालिकाओं तक इस महत्वपूर्ण टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर भी लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

अभियान की सफलता में चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी टीमों ने समन्वित प्रयास करते हुए निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि प्राप्त की, जिसके परिणामस्वरूप एक ही दिन में रिकॉर्ड संख्या में किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण संभव हो सका।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र किशोरी बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं ताकि उन्हें भविष्य में होने वाले गंभीर रोगों से सुरक्षित रखा जा सके। विभाग का मानना है कि जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है तथा बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!