अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी लालू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक मोटर पंप और एक सेट समरसिबल पंप बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तुरियाबीरा निवासी संजय कुमार गुप्ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगा समरसिबल मोटर पंप अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर लुण्ड्रा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 111/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 112 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी सत्यनारायण को चोरी की मोटरसाइकिल और पंप के साथ पकड़ा था। इस कार्रवाई के दौरान उसका साथी मौके से फरार हो गया था, जिसकी पहचान लालू यादव के रूप में हुई थी। इसके बाद से पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लालू यादव अपने गांव में मौजूद है। सूचना मिलते ही लुण्ड्रा पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम लालू यादव (30 वर्ष), पिता नानसाय यादव, निवासी ग्राम तुरियाबीरा, थाना लुण्ड्रा बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथी सत्यनारायण के साथ मिलकर मोटर पंप और समरसिबल पंप चोरी करने की बात स्वीकार की।आरोपी की निशानदेही पर छिपाकर रखा गया एक मोटर पंप और एक सेट समरसिबल पंप बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक डिगेश्वर वर्मा, सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह, महिला प्रधान आरक्षक सुषमा ब्रिजीट, प्रधान आरक्षक महेश सिंह तथा आरक्षक इबनुल खान और राजकुमार यादव की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!