बलरामपुर: कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी की संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से जिले के सुदूर वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग पूरी हो गई है। विकासखंड शंकरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 1099 मुक्तांजलि शव वाहन की स्थायी सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। इससे अब दुःख और संकट की घड़ी में शोकाकुल परिवारों को पार्थिव देह को गृह ग्राम तक ले जाने के लिए परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

गौरतलब है कि सामरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले शंकरगढ़, कुसमी और राजपुर विकासखंड के शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में अब तक शव वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। सुदूर वनांचल और भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम इन क्षेत्रों में किसी अप्रिय घटना या मृत्यु होने की स्थिति में मृतक के परिजनों को पार्थिव देह को घर तक पहुंचाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार जिला मुख्यालय से शव वाहन पहुंचने में लंबा समय लग जाता था, जिससे शोक संतप्त परिवारों को परेशानियां होती थी।

आमजनों की इस गंभीर समस्या को कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने संवेदनशीलता के साथ संज्ञान में लिया और इसके स्थायी समाधान के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ में 1099 मुक्तांजलि शव वाहन उपलब्ध कराई गई है, जिससे अब क्षेत्र के लोगों को समय पर और निःशुल्क शव वाहन सेवा मिल सकेगी। शंकरगढ़ में मुक्तांजलि वाहन की उपलब्धता से न केवल शंकरगढ़ विकासखंड, बल्कि समीपवर्ती विकासखंड राजपुर और कुसमी के ग्रामीणों को भी लाभ मिलेगा।

कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं और समस्याओं का त्वरित समाधान करना हमारी प्राथमिकता है।  उन्होंने कहा कि अब मुक्तांजलि वाहन की उपलब्धता से दुःख की घड़ी में प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता मिल सकेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!