बलरामपुर:  बलरामपुर जिले के ग्राम भवरमाल निवासी आदिवासी किसान केदार सिंह ने धान बिक्री की राशि नहीं मिलने से परेशान होकर कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। किसान का आरोप है कि बैंक प्रबंधन द्वारा खाते को होल्ड कर उसकी मेहनत की कमाई रोक दी गई है, जिससे वह गंभीर बीमारी का इलाज नहीं करा पा रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम भवरमाल थाना रामानुजगंज निवासी 60 वर्षीय केदार सिंह, पिता स्व. मेवा सिंह, लकवा और किडनी में पथरी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। किसान ने खरीफ वर्ष 2025-26 में 38.80 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा था, जिसकी कुल राशि 1 लाख 20 हजार 280 रुपये बनती है।

पीड़ित किसान का कहना है कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शाखा रामानुजगंज में उनके खाते से भुगतान रोक दिया गया है। बैंक प्रबंधन द्वारा वर्ष 2022 का 1.92 लाख रुपये का ऋण खाते में दर्ज होने की बात कही जा रही है, जबकि किसान का दावा है कि उन्होंने कभी कोई ऋण नहीं लिया।

किसान ने बताया कि इससे पहले भी वर्ष 2025 में इसी मामले को लेकर बैंक प्रबंधन और कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद पिछले वर्ष की धान बिक्री की राशि जारी कर दी गई थी।

किसान ने आरोप लगाया कि 29 अप्रैल 2026 को बैंक से राशि निकालने पहुंचे तो एक कर्मचारी ने 500 रुपये लेकर 49 हजार रुपये देने की बात कही, लेकिन बाद में खाता होल्ड बताकर भुगतान से इनकार कर दिया। किसान का आरोप है कि न तो राशि दी गई और न ही 500 रुपये वापस किए गए।कलेक्टर को सौंपे आवेदन में किसान ने मामले की निष्पक्ष जांच कर धान बिक्री की बकाया राशि जल्द दिलाने की मांग की है, ताकि वह अपना इलाज करा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!