Morena News: मुरैना की ग्राम पंचायत रजोधा एवं उसके मजरा मांधातापुरा में 9 जून की रात करीब 8 बजे आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी. तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते एक तीन मंजिला मकान और स्नैक्स निर्माण प्लांट पूरी तरह धराशायी हो गए. वहीं, सैकड़ों पेड़, विद्युत पोल और घरों की टीन शेड भी क्षतिग्रस्त हो गए. प्रारंभिक आकलन के अनुसार कुल नुकसान 67 लाख रुपये से अधिक का बताया जा रहा है.

तूफान में घर हुआ धराशायी

रजोधा निवासी गनिपत सिंह तोमर पुत्र राजेंद्र सिंह तोमर का तीन मंजिला मकान तेज आंधी की चपेट में आकर अचानक ढह गया. मकान गिरने से कूलर, फ्रिज, टीवी, लैपटॉप, वाशिंग मशीन सहित घरेलू उपयोग का लगभग पूरा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया. पीड़ित परिवार के अनुसार उन्हें 12 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. राहत की बात यह रही कि मौसम बिगड़ने से पहले परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल आए थे, जिससे जनहानि टल गई.

प्लांट को हुआ 55 लाख का नुकसान

वहीं, मान्धाता पुरा में स्थित एमआर ट्रेडिंग कंपनी एवं केडी फूड प्रोडक्ट्स का स्नैक्स निर्माण प्लांट भी आंधी-तूफान की वजह से पूरी तरह धराशायी हो गया. प्लांट में लगी उत्पादन मशीनें, विद्युत उपकरण, तैयार माल और अन्य संसाधन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. कई तैयार उत्पाद तेज हवाओं के साथ 2 से 3 किलोमीटर दूर तक उड़ गए. प्लांट संचालकों आनंद सिंह तोमर और अभिषेक सिंह तोमर के अनुसार इस आपदा से 55 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.

कई गांवों में बिजली व्यवस्था प्रभावित

ग्रामीणों ने बताया कि तूफान इतना भीषण था कि क्षेत्र में सैकड़ों पेड़ उखड़ गए. विद्युत विभाग के कई पोल धराशायी हो गए और अनेक घरों की टीन की छतें उड़ गईं. इससे कई गांवों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

आजीविका पर संकट खड़ा हुआ

घटना की सूचना पर हल्का पटवारी प्रवीण खान मौके पर पहुंचे और प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया. ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल व्यक्तिगत नुकसान का मामला नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हुई है. स्नैक्स प्लांट क्षेत्र के कई परिवारों के रोजगार का प्रमुख साधन था, जिसके बंद होने से श्रमिकों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!