Indore News: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में अब फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी करना भारी पड़ रहा है. नगर निगम, फायर विभाग और भवन अनुज्ञा शाखा की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को 16 प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की बड़ी कार्रवाई की गई. जांच के दौरान कई ऐसी गंभीर खामियां सामने आईं, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती थीं. प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर चला निगम का डंडा

इंदौर नगर निगम ने शहरभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 10 होटल, 4 व्यावसायिक भवन, 1 रेस्टोरेंट और 1 मॉल सहित कुल 16 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया. इन सभी प्रतिष्ठानों को पहले नोटिस जारी कर सुधार का अवसर दिया गया था, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए ताला जड़ दिया.

निरीक्षण में सामने आईं हैरान करने वाली खामियां

संयुक्त निरीक्षण टीम को कई प्रतिष्ठानों में गंभीर लापरवाही मिली. कहीं बेसमेंट में अवैध रूप से किचन संचालित हो रहा था, तो कहीं छत पर मैस चलाई जा रही थी. कई भवनों में अग्निशमन उपकरण मौजूद ही नहीं थे, और जहां थे भी वहां वे खराब हालत में पाए गए. ऐसी खामियां किसी भी आपात स्थिति में बड़े हादसे को जन्म दे सकती थीं.

चर्चित प्रतिष्ठान भी कार्रवाई की जद में आए

प्रशासन की कार्रवाई में कई प्रमुख प्रतिष्ठानों के नाम शामिल हैं. इनमें मंगल सिटी मॉल, होटल अशोका, होटल चंद्रलोक, सूकून रेस्टोरेंट एंड होटल, होटल बीआर ग्रीन, त्रिवाना होटल और होटल सनशाइन शामिल हैं. प्रशासन का कहना है कि नियमों के उल्लंघन पर किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी बड़ा या चर्चित क्यों न हो.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!