रायपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सोनमणि बोरा ने छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग के 18 अगस्त 2026 के आदेश के बाद उन्हें इस महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इससे पहले बोरा प्रमुख सचिव के रूप में आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी था।

कार्यभार संभालते ही विभागीय योजनाओं की ली जानकारी

नई जिम्मेदारी ग्रहण करने के बाद सोनमणि बोरा ने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रमुख योजनाओं, कार्यक्रमों और चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की मौजूदा गतिविधियों और कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।

रायपुर के विकास से रहा है पुराना जुड़ाव

सोनमणि बोरा को शहरी प्रशासन और विकास कार्यों का लंबा अनुभव है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद रायपुर को राजधानी के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे रायपुर नगर निगम, रायपुर विकास प्राधिकरण और भिलाई विकास प्राधिकरण में आयुक्त और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जैसे पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं।उनके प्रशासनिक अनुभव का लाभ रायपुर और बिलासपुर के साथ कवर्धा, जांजगीर-चांपा और मुंगेली सहित कई क्षेत्रों के विकास कार्यों में भी मिला है।

शहरी सुविधाओं और प्रशासनिक सुधारों पर रहा है फोकस

बोरा के कार्यकाल से जुड़ी प्रमुख पहलों में सफाई मित्र योजना, बूढ़ातालाब समेत अन्य जलाशयों के संरक्षण और पुनरोद्धार जैसे काम शामिल रहे हैं। रायपुर के महादेव घाट पर मूर्ति विसर्जन के लिए अलग स्थान तय कर वहां आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू कराने में भी उनकी भूमिका रही।इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों के स्कूलों के कायाकल्प, रायपुर नगर निगम में जन्म और मृत्यु पंजीयन को ऑनलाइन करने तथा लेखा व्यवस्था को मैनुअल प्रणाली से सॉफ्टवेयर आधारित प्रक्रिया में बदलने जैसे प्रशासनिक सुधार भी किए गए। संचालन और संधारण से जुड़े कार्यों को प्रिवेंटिव व्यवस्था के तहत शामिल करना भी उनकी प्रमुख पहलों में माना जाता है।

जनता से जुड़ी योजनाओं को मिलेगी प्राथमिकता

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग राज्य के शहरी निकायों के माध्यम से नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और विभिन्न शहरी विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाता है।सोनमणि बोरा ने अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान स्पष्ट किया कि जनता से सीधे जुड़े कार्यक्रमों और मूलभूत सुविधाओं वाली योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उनके कार्यभार संभालने के बाद विभागीय योजनाओं के बेहतर समन्वय और शहरी विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!