

छत्तीसगढ़ : विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। 13 जुलाई से शुरू हुए इस सत्र में आज की कार्यवाही राजनीतिक और जनहित के कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर काफी अहम मानी जा रही है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विभिन्न विषयों पर जोरदार बहस होने के आसार हैं।
प्रश्नकाल से होगी सदन की शुरुआत
आज की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों पर सरकार जवाब देगी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ मंत्री लखन देवांगन और मंत्री गजेंद्र यादव सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देंगे।
नक्सलवाद पर केंद्र सरकार का जताएंगे आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन में नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा चलाए गए अभियान और उसकी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। इस विषय पर सदन में विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
अविश्वास प्रस्ताव पर भी रहेगी नजर
आज विपक्ष की ओर से अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांगी जा सकती है। यदि इस पर चर्चा की अनुमति मिलती है तो सदन में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म होने की संभावना है। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
दिनभर की कार्यवाही रहेगी महत्वपूर्ण
प्रश्नकाल, नक्सलवाद, संभावित अविश्वास प्रस्ताव और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर विधानसभा की कार्यवाही पूरे दिन चर्चा का केंद्र बनी रहेगी। राजनीतिक घटनाक्रम पर सभी की नजर टिकी हुई है।











