छत्तीसगढ़ : कांकेर जिले में धान खरीदी से जुड़ी बड़ी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। तालाकुरी धान उपार्जन केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान 1 करोड़ 14 लाख 47 हजार 308 रुपये की कथित गड़बड़ी उजागर होने के बाद पुलिस ने धान खरीदी प्रभारी, कंप्यूटर ऑपरेटर और चौकीदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सहकारी समिति के प्रबंधक ने दर्ज कराई शिकायत

आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित मरकाटोला के प्रबंधक संतोष राजपूत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान गंभीर वित्तीय अनियमितता की गई है। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और गबन सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

41 हजार क्विंटल से अधिक धान की हुई थी खरीदी

शिकायत के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में तालाकुरी धान उपार्जन केंद्र में कुल 41 हजार 223 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। इनमें से 37 हजार 396.52 क्विंटल धान का परिवहन मिलरों और संग्रहण केंद्रों तक कराया जा चुका है। इसी प्रक्रिया के दौरान वित्तीय गड़बड़ी सामने आने का दावा किया गया है।

पद का दुरुपयोग करने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित कर्मचारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सहकारी समिति की संपत्ति को आर्थिक नुकसान पहुंचाया। मामले में सरकारी नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन कर अनियमितता करने का आरोप भी लगाया गया है।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता ने कहा है कि सहकारी समिति के कर्मचारी छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम, 1960 की धारा 87 के तहत लोक सेवक की श्रेणी में आते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही समिति और उससे जुड़े किसानों के हितों की रक्षा के लिए दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दस्तावेजों और धान खरीदी से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के आधार पर पूरे प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!