बिलासपुर : सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर तनु खान की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सोमवार रात घर से निकली तनु खान का शव मंगलवार सुबह धान के खेत में संदिग्ध हालत में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।घटना सकरी क्षेत्र के हाईवे से लगे गांव की बताई जा रही है। खेत में शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक की पहचान तनु खान किन्नर के रूप में की है।

विवाद के बाद गायब हुई थी तनु, साथी किन्नर पर पुलिस को शक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तनु खान सोमवार रात अपनी एक साथी किन्नर के साथ हाईवे की ओर गई थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। इसके बाद तनु घर वापस नहीं लौटी।पुलिस ने मामले में संदेह के आधार पर तनु के साथ गई साथी किन्नर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर हत्या की पूरी तस्वीर साफ होगी।

किन्नर समाज में आक्रोश, दोषी को सख्त सजा देने की मांग

तनु खान की मौत के बाद किन्नर समाज के लोगों में नाराजगी है। सकरी थाना पहुंचे साथियों ने कहा कि उन्हें दोनों के बीच हुए विवाद की वजह की जानकारी नहीं है, लेकिन जिसने भी यह वारदात की है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।एक साथी किन्नर ने कहा कि उनकी गुरु माता तनु खान के हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।

जल्द खुलासे का दावा कर रही पुलिस

सकरी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले सबूतों का विश्लेषण किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!