

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सियासी हलचल तेज हो गई। कांग्रेस ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के कई बड़े नेता धरने पर बैठे।प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, विनोद जाखड़ समेत कई नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के मुद्दे पर जवाब मांगा।
पीएम आवास के पास प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई, कई नेता हिरासत में
प्रधानमंत्री आवास के आसपास का क्षेत्र संवेदनशील जोन होने के कारण वहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं होती है। इसी वजह से प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा।जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को रोकने की कोशिश की और कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। इनमें सांसद चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे हैं।
छात्र आंदोलन पर सरकार को घेरा, इस्तीफे की मांग उठाई
कांग्रेस ने छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की।कांग्रेस का आरोप है कि छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है और सरकार इस मामले की जिम्मेदारी लेने से बच रही है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर सरकार से मांगा जवाब
प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर जवाब मांगने के लिए कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री आवास तक पहुंचे हैं।राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर न तो जिम्मेदारी स्वीकार कर रही है और न ही संसद में चर्चा कराने को तैयार है। उन्होंने युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से जवाबदेही तय करने की मांग की।











