

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के अंबिकापुर में अश्लील गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में थानों में दर्ज मामलों के आरोपियों की गिरफ्तारी और धरपकड़ की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह को गिरफ्तार किया है।मामले में प्रार्थी आकाश जायसवाल (25), निवासी मायापुर अंबिकापुर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 मई 2026 को राहुल सिंह ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की थी। इस घटना की रिपोर्ट उसने 17 मई को कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी।शिकायतकर्ता ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जब वह शाम करीब तीन बजे अपने घर लौट रहा था, तभी चांदनी चौक स्थित शास्त्री ऑटो के पास राहुल सिंह अपने साथी गोलू पंडित के साथ पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।आरोप है कि दोनों आरोपियों ने मिलकर युवक के साथ हाथ-मुक्कों, बेल्ट और लोहे की रॉड से मारपीट की। इस दौरान राहुल सिंह ने पीड़ित के बाएं हाथ में दांत से काट लिया। हमले में पीड़ित को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 320/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की।पुलिस के मुताबिक, आरोपी राहुल सिंह (32), निवासी मायापुर चांदनी चौक, थाना कोतवाली अंबिकापुर, के खिलाफ पहले भी अपराध क्रमांक 318/2026 के तहत मामला दर्ज है। आरोपी के बार-बार आपराधिक घटनाओं में शामिल होने को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की।मामला दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।





















