

बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के थाना राजपुर पुलिस ने पशु तस्करी के एक मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। पुलिस ने इस प्रकरण में अब तक 12 भैंसों के साथ एक पिकअप वाहन और एक ब्रेजा कार जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, 11 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ व्यक्ति मवेशियों को क्रूरतापूर्वक पिकअप वाहन में भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम गोपालपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक यूपी-65 क्यूटी-1375 की जांच की। जांच के दौरान वाहन में मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया।
कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक अशोक गिरी, निवासी थाना चकिया, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए थे। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी मवेशियों को वध के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे।
मामले की जांच के दौरान फरार आरोपी सलमान उर्फ सहजाद आलम पिता मुमताज आलम (28 वर्ष), निवासी ग्राम विष्णुपुरा, महादेवपुर चौकी डींदो, थाना त्रिकुंडा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु परिरक्षण अधिनियम 2024 की धारा 4, 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(डी) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की है।पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक ब्रेजा कार और कुल 12 भैंसों को जब्त किया गया है। जब्त पशुओं को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
बलरामपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पशु तस्करी, अवैध पशु परिवहन या पशुओं के प्रति क्रूरता से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।





















