

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के कूकटपल्ली क्षेत्र स्थित एक चर्चित पब पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अनैतिक गतिविधियों और विभिन्न नियमों के उल्लंघन का खुलासा किया है। कार्रवाई का नेतृत्व कूकटपल्ली की डीसीपी रीति राज ने किया।
जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के डीसीपी रीति राज ने खुफिया सूचना और गुप्त सत्यापन के बाद किंग्स एंड क्वींस पब (क्लब मस्ती) पर छापेमारी की। पुलिस को पब में संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि पब में कई नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था। आरोप है कि परिसर में नाबालिगों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण नहीं था, निर्धारित समय सीमा के बाद भी संचालन जारी था तथा आवश्यक अनुमति और पुलिस एनओसी के बिना गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल किया जा रहा था और कुछ गतिविधियां अनैतिक व्यापार से जुड़ी हो सकती हैं। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने पब के 9 कर्मचारियों को हिरासत में लिया, जिनमें 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। सभी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केपीएचबी पुलिस थाने भेजा गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, संबंधित पब के खिलाफ वर्ष 2025 में भी कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं। पूर्व में कार्रवाई के बावजूद नियमों के कथित उल्लंघन की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कौन हैं आईपीएस रीति राज?
इस सफल ऑपरेशन को लीड करने वाली डीसीपी रीति राज दिल्ली पब्लिक स्कूल, पटना (2010) की पूर्व छात्रा रही हैं। इसके बाद उन्होंने प्रतिष्ठित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली से 2016 में स्नातक की थी। साल 2018 में उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा पास की और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में शामिल हुईं।





















