

बलरामपुर: विद्युत कार्यालय परिसर में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, विद्युत सेवाओं से संबंधित नियमों तथा शिकायत निवारण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई।विद्युत शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष डी.के. सैनी ने उपभोक्ताओं को बिजली बिल संबंधी शिकायतों, लो वोल्टेज, लाइन विस्तार, नए विद्युत कनेक्शन तथा अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपनी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभागीय कार्यालयों एवं शिकायत निवारण तंत्र का उपयोग कर सकते हैं।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित स्टैंडर्ड ऑफ परफॉर्मेंस के विभिन्न प्रावधानों एवं सेवाओं की निर्धारित समय-सीमा की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से नए विद्युत कनेक्शन प्रदान करने की समय-सीमा शहरी क्षेत्रों में 7 दिवस तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 15 दिवस निर्धारित की गई है। इसके साथ ही अन्य विद्युत सेवाओं के लिए भी आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने की बात कही।
कार्यशाला में अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से विद्युत का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी पूर्ण उपयोग करने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या होने पर विभाग की शिकायत निवारण व्यवस्था का लाभ लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर विद्युत शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष डी.के. सैनी, कार्यपालन अभियंता उमाशंकर वर्मन, सहायक अभियंता सचिन कुमार भगत, आशुतोष कुजूर उपस्थित रहे।











