

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में नाबालिग आदिवासी छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को सर्व आदिवासी समाज ने भारी बारिश के बीच पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के सामने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ग्राम भफौली निवासी एवं उपसरपंच के पति तरुण जायसवाल पर 15 वर्षीय आदिवासी छात्रा से दुष्कर्म का आरोप है। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिससे समाज में भारी नाराजगी है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।प्रदर्शन कर रहे सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मांग की कि नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय तथा शासन द्वारा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज है मामला,पुलिस की विशेष टीम कर रही तलाश
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश लगातार जारी है।इधर, सरगुजा पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन में गठित विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी अथवा उसके संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए ₹5,000 के इनाम की घोषणा भी की है।

लाइसेंसी बंदूक जब्त, शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई,संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के नाम पर 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक जारी थी। विवेचना प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की, जिसके बाद लाइसेंसी बंदूक और लाइसेंस जब्त कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी की चल एवं अचल संपत्ति का विवरण राजस्व विभाग से प्राप्त कर कुर्की की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही ग्राम भफौली में आरोपी से संबंधित कथित अतिक्रमित भूमि का मौका सत्यापन भी कराया जा रहा है।
घर में काम करने के दौरान हुई थी घटना, आरोपी को शरण देने वालों पर भी होगी कार्रवाई
गौरतलब है कि पीड़िता आरोपी के घर में खाना बनाने का कार्य करती थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन आरोपी घटना के बाद से फरार है।सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपी को शरण देने या गिरफ्तारी से बचाने में मदद करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।










