

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बस्तर थाना क्षेत्र के पास रायपुर से जगदलपुर आ रही रॉयल ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि चालक को अचानक झपकी आने के कारण बस नियंत्रण खो बैठी और सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में मृत महिला की पहचान कवर्धा निवासी पद्मनी चंद्रवंशी के रूप में हुई है। वह सुकमा जिले के दोरनापाल स्थित आत्मानंद स्कूल में लेक्चरार के पद पर पदस्थ थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में चालक को आई झपकी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।





















