

कोरिया: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं तथा आमजन से संबंधित मामलों की प्रगति की समीक्षा की। समय-सीमा के भीतर आवेदनों का निराकरण नहीं होने पर उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि निर्धारित अवधि में प्रकरणों का निराकरण क्यों नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों से जुड़े आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
’एग्रीस्टैक पंजीयन के लिए किसानों से करें संपर्क’
बैठक में एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कृषि, राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करें और पात्र किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित कराएं। पंजीयन कार्य में किसी तरह की समस्या आने पर उसका तत्काल समाधान करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसान शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न हों।
’किसान सम्मान निधि में उदासीनता पर जताई नाराजगी’
किसान सम्मान निधि की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर श्रीमती यादव ने कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाना विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने लंबित प्रकरणों की जांच कर आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रिया पूरी कराने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
’बारिश और डेमों में जलभराव पर रखें नजर’
जिले में हो रही वर्षा को देखते हुए कलेक्टर ने डेम एवं जलाशयों में जलभराव की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने और संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
’पेंशन भुगतान में देरी पर अधिकारी को फटकार’
पेंशनधारियों को समय पर भुगतान नहीं होने के मामले को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को फटकार लगाते हुए पेंशन प्रकरणों का समय पर निराकरण एवं भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पेंशनधारी हितग्राहियों को अपनी पेंशन के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर समय पर भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
’शिविर लगाकर करें अपार आईडी और आधार संबंधी कार्य’
बैठक में विद्यार्थियों की अपार आईडी एवं आधार से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विद्यार्थियों या हितग्राहियों के आधार, जन्म प्रमाणपत्र एवं अपार आईडी से संबंधित कार्य लंबित हैं, उनके निराकरण के लिए आवश्यकतानुसार शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने विभागीय अमले को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।
समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय-सीमा की बैठक में दर्ज प्रकरणों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उनका निराकरण करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में पहुंचे आम लोगों की समस्याओं को कलेक्टर ने सुना साथ ही उनके आवेदनों को निराकरण करने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश किया तथा की गई कार्यवाही से आवेदको को सूचित करने भी कहा गया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास, एडीएम सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











