अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस की यातायात शाखा ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में वाहन चला रहे तीन चालकों को पकड़ा। सभी मामलों में न्यायालय ने प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। इस तरह कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान दो मोटरसाइकिल चालकों और एक सूमो चालक को रोका। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर तीनों चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।पकड़े गए चालकों में गंगापुर निवासी नंदूराम सिंह, सुखरी निवासी अजय कुजूर तथा पोड़ी निवासी प्रकाश यादव शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने तीनों मामलों में प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। कुल 30 हजार रुपये के अर्थदंड के साथ सभी मामलों का निपटारा किया गया।

यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब के नशे में वाहन चलाने से बचें, क्योंकि यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!