

अंबिकापुर: जनभागीदारी समिति के सहयोग से अंबिकापुर पीजी कॉलेज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प
राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नवगठित जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता एवं समिति सदस्यों का प्रथम परिचयात्मक बैठक एवं अभिनंदन समारोह मंगलवार को महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत उपस्थित रहीं।
इस कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।प्राचार्य प्रो. सिन्हा ने कहा कि वर्ष 1960 में स्थापित यह महाविद्यालय सरगुजा संभाग का सबसे बड़ा एवं एकमात्र स्वशासी महाविद्यालय है, जहां करीब 6 हजार नियमित विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उन्होंने बढ़ती छात्र संख्या को देखते हुए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं शैक्षिक नवाचारों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी समिति के सहयोग से महाविद्यालय में बेहतर संसाधन एवं सुविधाओं का विकास किया जा सकेगा।
नवगठित जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष एवं नगर निगम पार्षद मनोज गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से समिति अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब सभी बाधाओं को दूर कर महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य महाविद्यालय को प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित संस्थान के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं इसी महाविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं, जिससे उनका संस्थान से भावनात्मक जुड़ाव है।
मुख्य अतिथि महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि यह महाविद्यालय अंबिकापुर शहर का गौरव है और यहां से शिक्षा प्राप्त कर कई लोगों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने नवगठित समिति को शुभकामनाएं देते हुए महाविद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में नगर निगम पार्षद मनीष सिंह ने कहा कि महाविद्यालय संभाग में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है और विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के सदस्य दीपक यादव, दीपांकर, मनोज सोनी, प्रभात विश्वास, अनीश सिंह, अविनाश मंडल, रामप्रवेश पांडे, सरस्वती यादव एवं इंदु नेताम सहित भाजपा जिला महामंत्री विनोद कर्ष, पूर्व पार्षद करताराम गुप्ता, पंकज गुप्ता एवं नीलम राजवाड़े भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. उमेश कुमार पाण्डेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. एस.एन. पाण्डेय द्वारा किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।





















