पटना : जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय पर चोरी का आरोप लगाते हुए सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। तेज प्रताप का कहना है कि उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद और कई महंगे सामान गायब हो गए हैं।तेज प्रताप यादव के मुताबिक, 22 जून को उन्होंने अपनी अलमारी की जांच की, तब उन्हें चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने मामले को लेकर पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में दावा किया गया है कि नकदी के अलावा दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी और चार नए ड्रोन भी नहीं मिले। इसके साथ ही चार iPhone 17 Pro Max मोबाइल, दो हार्ड डिस्क, एक iPad, एक MacBook और एक Lenovo लैपटॉप के गायब होने की बात कही गई है।तेज प्रताप ने अपने पीए मोतीलाल राय पर सीधे तौर पर संदेह जताया है।

बताया जा रहा है कि मोतीलाल राय बिहार के वैशाली जिले के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच की दिशा तय कर रही है।इस घटनाक्रम के बीच तेज प्रताप यादव हालिया राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा में हैं। विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने जनशक्ति जनता दल का गठन किया था और कई सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, हालांकि पार्टी को चुनाव में सफलता नहीं मिली और सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई थी। तेज प्रताप भी महुआ सीट से चुनाव हार गए थे।इसके अलावा, तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व सहयोगी आकाश यादव और उनके परिवार के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उनके और उनके पिता लालू प्रसाद के खिलाफ साजिश रची जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!