रायगढ़: दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर  मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी  अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभाग ने बीते एक सप्ताह में व्यापक कार्रवाई की है। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल 46 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 10 गैर-जमानती प्रकरण शामिल हैं। कार्रवाई में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया। वहीं कुल 381.79 लीटर अवैध मदिरा और 950 किलोग्राम तैयार महुआ लाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री का बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 20 हजार 540 रुपये आंका गया है।

अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी, कई आरोपी गिरफ्तार
अवैध शराब के विरुद्ध अभियान के तहत 29 अक्टूबर 2026 को आबकारी उपनिरीक्षक  अंकित अग्रवाल ने रायगढ़ उत्तर वृत्त के अंतर्गत ग्राम तिलगा, थाना चक्रधर नगर में छापेमारी की। यहां वीरेंद्र राठिया के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब, जिसकी बाजार कीमत 2 हजार रुपये है, जब्त की गई। इसी दिन खरसिया वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक  कुशल कुमार पटेल ने ग्राम चोढ़ा में कार्रवाई करते हुए रमेश कुमार राठिया के कब्जे से 20.200 लीटर महुआ शराब जब्त की, जिसका बाजार मूल्य 4 हजार 40 रुपये है। 30 अक्टूबर को घरघोड़ा वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक श्री प्रदीप वर्मा ने घरघोड़ा क्षेत्र में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। पहली कार्रवाई में आरती मांझी के कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत 5 हजार रुपये है, जबकि दूसरी कार्रवाई में प्रेम बाई पैकरा के कब्जे से 6.200 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत 1 हजार 240 रुपये है, जब्त की गई। वहीं 31 अक्टूबर को रायगढ़ उत्तर वृत्त की टीम ने चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम रेगड़ा स्थित जंगल में छापेमारी की। यहां लावारिस हालत में 195 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। जब्त सामग्री का बाजार मूल्य 61 हजार रुपये आंका गया है।तमनार, रायगढ़ शहर और कोतरारोड में भी कार्रवाई
2 नवंबर को घरघोड़ा वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक  प्रदीप वर्मा ने तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम तमनार में कार्रवाई करते हुए बनमती बाई उरांव के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब जब्त की। इसकी बाजार कीमत 1 हजार 800 रुपये बताई गई है। 3 नवंबर को रायगढ़ शहर वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक श्री हरीश कुमार पटेल एवं उनकी टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र के मधुबन पारा, टिकरापारा में छापेमारी की। इस दौरान फूलमती उरांव के कब्जे से 14 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 2 हजार 800 रुपये है। 4 नवंबर को आबकारी उपनिरीक्षक श्री प्रदीप वर्मा एवं  याजेन्द्र मेहर की संयुक्त टीम ने कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम गोर्रा में कार्रवाई करते हुए कलाराम बघेल के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब जब्त की। वहीं रायगढ़ उत्तर वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक  अंकित अग्रवाल ने ग्राम उच्चभिट्ठी में छापेमारी कर बलराम चौहान (30 वर्ष) के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब बरामद की। दोनों मामलों में जब्त शराब का बाजार मूल्य 2 हजार 400-2 हजार 400 रुपये है।
पुसौर के बरपाली में 62.800 लीटर महुआ शराब और 500 किलो लाहन जब्त

5 नवंबर को आबकारी उपनिरीक्षक  प्रदीप वर्मा एवं  याजेन्द्र मेहर की टीम ने पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में तालाब किनारे छापेमारी की। यहां लावारिस हालत में 62.800 लीटर महुआ शराब और 500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। जब्त सामग्री का बाजार मूल्य 37 हजार 560 रुपये आंका गया है। इस मामले में आबकारी विभाग द्वारा अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
होटल-ढाबों की जांच जारी, अभियान रहेगा निरंतर
आबकारी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले के होटल, ढाबों और मदिरा दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने सभी वृत्त प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, होटल-ढाबों की जांच करने तथा अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दीपावली पर्व के दौरान भी विशेष निगरानी और छापेमारी जारी रहेगी। संपूर्ण कार्रवाई को सफल बनाने में जिला आबकारी कार्यालय के मुख्य आरक्षकों एवं आरक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!