

बेंगलुरु में ट्रिपल मर्डर का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. जब एक बेटी ने ही अपने माता-पिता और बहन का गला काटकर हत्या कर दी. इस क्रूरता में उसका साथ लिव इन पार्टनर ने दिया. इलाके में इस घटना के सामने आते ही हड़कंप मच गया है, जो भी इस क्ररता की कहानी सुन रहा है वह हैरान है.सोमवार को साई ग्रीन अपार्टमेंट, धामनिक लेआउट, सीगेहल्ली, केआर पुरम पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या की सूचना सामने आई. पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे सोमसुंदर (55), उनकी पत्नी मुथुलक्ष्मी (48) और छोटी बेटी सुप्रिया (20) की हथियार से कटी हुई लाशें मिलीं. इन तीनों को माचेट जैसे हथियार से काटकर मौत के घाट उतारा गया था.

पुलिस की ओर से बताया गया कि शुरुआती जांच में इन तीनों हत्याओं के पीछे परिवार की बड़ी बेटी श्वेता और उसके लिव-इन पार्टनर केनेथ का नाम सामने आया है. दोनों ही घटना के बाद से फरार हैं. पुलिस ने उनको पकड़ने के लिए कई जगहों पर दबिश दी है और छापेमारी शुरू कर दी है.जांच में पता चला है कि बड़ी बेटी श्वेता के माता-पिता उसके केनेथ के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के कड़े विरोधी थे. परिवार में इस रिश्ते को लेकर लगातार तनाव बना रहता था और लड़ाई-झगड़े होते थे. इसके साथ ही श्वेता पर करीब 30 लाख रुपये का कर्ज भी चढ़ा हुआ था. माता-पिता बार-बार उससे कर्ज के बारे में पूछताछ करते थे, जिससे घर में और झगड़े बढ़ गए. पुलिस को शक है कि ये ही दोनों वजहें हत्याओं का मुख्य कारण हो सकती हैं.

जांच में बताया गया कि श्वेता और केनेथ सोमवार को घर आए तो मां मुथुलक्ष्मी अकेली थीं. पिता सोमसुंदर और छोटी बेटी सुप्रिया बाहर गए हुए थे. इन दोनों की मां के साथ बहस शुरू हुई और आरोपियों ने मुथुलक्ष्मी पर माचेट से हमला कर उनकी हत्या कर दी. खून के निशान मिटाने के लिए आरोपियों ने बाथरूम की साफ-सफाई भी कर दी.जब सुप्रिया घर लौटी तो श्वेता ने उसे पकड़ लिया और केनेथ ने माचेट से हमला कर उसे भी मार डाला. इसके बाद पिता सोमसुंदर घर पहुंचे. दोनों ने उन पर भी जानलेवा हमला किया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद सोमसुंदर किसी तरह घर से बाहर निकलकर मदद मांगने की कोशिश करते रहे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई.

जैसे ही घटना की जानकारी मिली मौके पर पहुंची केआर पुरम पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का मानना है कि हत्याएं पूर्व नियोजित थीं और दोनों आरोपी मिलकर काम कर रहे थे. मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है, हालांकि उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है.बेंगलुरु पुलिस अब श्वेता और केनेथ की तलाश में जुटी हुई है. पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है. इस घटना ने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. पड़ोसी और स्थानीय लोग इस क्रूर हत्याकांड से सदमे में हैं.





















