
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक शादी समारोह के दौरान साली के चरित्र पर कथित रूप से लांछन लगाने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जीजा की गाली-गलौज और विवाद से आहत युवती ने घर लौटने के बाद खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शादी समारोह में हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पचपेड़ी क्षेत्र के भगवान पाली निवासी गीता राय (28) 15 अप्रैल को मुंगेली जिले के ग्राम बरछा में अपने मामा के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। इसी दौरान टिकारी निवासी उसके जीजा विनेत जोगी ने कथित तौर पर सतीश राय के सामने गीता के चरित्र को लेकर अपशब्द कहे और गाली-गलौज की। इस बात को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।
घर लौटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम
बताया गया कि शादी समारोह में सार्वजनिक रूप से अपमानित होने के बाद गीता मानसिक तनाव में आ गई थी। इसके बाद 18 अप्रैल की रात उसने घर लौटने पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे बिलासपुर से रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृत्युपूर्व बयान और गवाहों के आधार पर कार्रवाई
अस्पताल से सूचना मिलने पर गोलबाजार पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया। इसके बाद मामले की जांच के लिए केस डायरी मल्हार चौकी भेजी गई। पुलिस ने मृत्युपूर्व बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के बेडहेड टिकट, घटनास्थल के निरीक्षण और गवाहों के बयानों की जांच की।पुलिस के अनुसार, मृत्युपूर्व बयान में युवती ने शादी समारोह के दौरान जीजा के साथ हुए विवाद और उसके बाद मानसिक तनाव में आत्मघाती कदम उठाने की बात बताई थी। जांच में सामने आए तथ्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी विनेत जोगी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया गया।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




















