बलरामपुर: कलेक्टर कुन्दन कुमार ने संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में सुचारू रूप से धान खरीदी के लिए सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं नियुक्त नोडल अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने समितिवार नोडल अधिकारियों से चर्चा करते हुए खरीदे गये धान की मात्रा, आगामी दिनों में खरीदी के लिए जारी टोकन, बारदाना की उपलब्धता, स्टेकिंग, धान का रख-रखाव, छोटे किसानों से धान खरीदी, धान का डीईओ जारी कर उठाव के स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से धान खरीदी की नियमित व सतत् समीक्षा की जा रही है। इसलिए अधिकारी धान खरीदी के कार्य को प्राथमिकता से करें तथा किसानों को असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि पहले लघु व सीमांत कृषकों को चिन्हित कर उनसे धान खरीदे तथा रकबा समर्पण कराएं एवं अनुपातिक व क्रमिक रूप से बड़े किसानों का धान खरीदा जाये। पूर्व की भांति अधिकारियों की संयुक्त टीम बिचौलियों और कोचियों को चिन्हित कर अवैध धान के विरूद्ध कार्यवाही करें। कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्र बरियों के नोडल अधिकारी को कार्य में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये तथा धान उपार्जन केन्द्र सेवारी के नोडल अधिकारी को बदलने को कहा। साथ ही विकासखण्ड स्तर पर भी किसानों की सहायता व धान खरीदी से जुड़ी जानकारी साझा करने, शिकायत व सुझाव तथा निगरानी के लिए कन्ट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर ने समस्त नोडल अधिकरियों से कहा कि टोकन जारी करने की पूरी प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिसमें लघु, सीमांत व बड़े किसान अनुपातिक रूप से शामिल हो तथा किसानों को अपना उपज बेचने में कोई दिक्कत न आये। उन्होंने किसानों को टोकन जारी करने की कार्ययोजना से अधिकारियों को अवगत कराया तथा ऐसी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये, ताकि किसान अपना धान बेच पाये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक दिन टोकन बांटने की प्लानिंग कर लें तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उनकी सतत् निगरानी करें। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी व नोडल अधिकारियोें से कहा कि गांव का दौरा करें तथा “किसान संवाद” के माध्यम से सतत् किसानों के सम्पर्क में रहकर उन्हें अपना धान बेचने में सहयोग करें। साथ ही किसानों को बारदानों के बढ़े हुए दाम, धान बेचने के लिए प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था, समर्थन मूल्य, टोकन से लेकर विक्रय तक की प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने को कहा। किसान संवाद पहल की माध्यम से किसानों के समस्याओं के त्वरित निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी सीमावर्ती क्षेत्रों का सतत् दौरा करें तथा रात्रिकालीन गश्त के माध्यम से धान के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखते हुए कार्यवाही की जाये। कलेक्टर कुमार ने चांदो के नायब तहसीलदार के कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।इस अवसर पर अपर कलेक्टर एस.एस. पैंकरा, संयुक्त कलेक्टर एच.एल.गायकवाड़, आर.एन.पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर दीपक कुमार निकुंज, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व तहसीलदार सहित समस्त अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!