
गरियाबंद: कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशानुसार नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली त्योहारों के मद्देनजर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज मेसर्स भवानी बीकानेर स्वीट्स, मेसर्स गुजराती स्वीट्स, मेसर्स मधुबन स्वीट्स एवं मेसर्स डेली डिलाइट सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिलावटी एवं अवमानक खाद्य पदार्थों की आशंका के आधार पर मेसर्स भवानी बीकानेर स्वीट्स से कुंदा तथा मेसर्स गुजराती स्वीट्स से कुंदा के नमूने संकलित कर जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी, रायपुर भेजे गए हैं। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी प्रकार, 14 एवं 15 अक्टूबर को गरियाबंद बस स्टैंड के आसपास स्थित फल विक्रेताओं एवं स्ट्रीट फूड वेंडरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विक्रेताओं को सड़े-गले एवं खराब फलों का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए। साथ ही समोसा, भजिया, मिर्ची भजिया सहित अन्य तली हुई खाद्य सामग्री के लेन-देन में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने, खाद्य पदार्थों में अत्यधिक मात्रा में खाद्य रंग का प्रयोग नहीं करने तथा अखाद्य रंग मेटेलिक यलो (जलेबी रंग) का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों एवं मिठाइयों के निर्माण में अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए भी विक्रेताओं को निर्देशित किया गया, ताकि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां तथा अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।




















