
बिलासपुर: गणेश चतुर्थी के मौके पर गणेश पंडाल के पास डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सीने में चाकू के 4-5 वार लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार 14 सितंबर की शाम ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने गणेश पंडाल लगा हुआ था। इसी दौरान अमन सूर्यवंशी (23) और आकाश सूर्यवंशी (22) के बीच साउंड सिस्टम और डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया।
सीने पर किए कई वार
विवाद के दौरान अमन सूर्यवंशी ने कथित तौर पर चाकू निकालकर आकाश के सीने पर लगातार 4 से 5 वार कर दिए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस वारदात से गणेश पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद भी चाकू लेकर घूमता रहा आरोपी
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी कुछ समय तक पंडाल के आसपास चाकू लेकर घूमता रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए हैं। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्च्यूरी में रखा गया है।
नशे का आदी बताया जा रहा आरोपी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह डीजे और साउंड सिस्टम को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और वह पहले भी नशामुक्ति केंद्र में रह चुका है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मुताबिक आरोपी को उसके परिजन पहले भी कई बार नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं, लेकिन उसकी नशे की लत पूरी तरह नहीं छूटी। मामले में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूछताछ के जरिए विवाद की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।



















