

रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने "ऑपरेशन आघात" के तहत अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली एवं मिलावटी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू द्वारा बड़े पैमाने पर नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना कोतरारोड़, साइबर सेल और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पहले पुलिस ने सूचना का सत्यापन कराया, जिसमें एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर आरोपी के पास भेजा गया। खरीदी गई शराब के लेबल और होलोग्राम संदिग्ध पाए गए तथा आबकारी अधिकारियों द्वारा जांच में भी शराब की गुणवत्ता पर संदेह हुआ।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस टीम के पहुंचते ही एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दुष्यंत पटेल को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके घर परिसर स्थित कोठे से भारी मात्रा में नकली शराब बरामद हुई। मौके से रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोवा, रिजर्व क्वार्टर, गोल्डन गोवा और किंगफिशर जैसे नामी ब्रांडों की पैकेजिंग में शराब मिली।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर लंबे समय से इस कारोबार में शामिल था। आरोपियों द्वारा विभिन्न राज्यों से शराब लाकर उसमें स्प्रिट और अन्य पदार्थ मिलाए जाते थे। इसके बाद पुरानी शराब की बोतलों को साफ कर उन पर नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर दोबारा पैकिंग की जाती थी तथा बाजार में असली शराब के रूप में बेचा जाता था।संयुक्त कार्रवाई में 869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब, 560 ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली और खाली बोतलें जब्त की गई हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 16 हजार 245 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामले में दुष्यंत पटेल, सुभाष पटेल और विनय सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











