

बैकुंठपुर: नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को थाना पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बेरोजगार युवाओं और नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को सरकारी एवं निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे धनराशि वसूलता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम आंजोखुर्द निवासी नंदलाल सिंह ने थाना पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही किशन तिवारी ने नगर पंचायत पटना में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर उससे 2 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही राशि वापस की गई। स्वयं को ठगा महसूस करने पर प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की।शिकायत के आधार पर थाना पटना में 28 फरवरी 2026 को अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 338 एवं 238 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 09 जून 2026 को आरोपी किशन तिवारी (23 वर्ष), पिता जय कुमार तिवारी, निवासी ग्राम आंजोखुर्द, थाना पटना को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी तो नहीं की है। जांच के दौरान और भी मामलों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद पांडेय, सहायक उपनिरीक्षक बाल कृष्ण राजवाड़े सहित थाना पटना के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए आगे बढ़ाया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर धनराशि मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसी धोखाधड़ी पर रोक लगाई जा सके।





















