

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के द्वारिकानगर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही समरसिबल एवं मोटर पंप चोरी की वारदातों का चौकी लटोरी पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की घटनाओं में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये मूल्य के 5 नग पंप बरामद किए हैं। इससे पहले पुलिस एक नाबालिग बालक सहित तीन आरोपियों को पकड़कर चोरी का पंप और मोटरसाइकिल जब्त कर चुकी थी।
जानकारी के अनुसार ग्राम द्वारिकानगर निवासी शिवकुमार के तालाब के पास से समरसिबल पंप व स्टार्टर तथा हीराधन राजवाड़े के खेत से मोनोब्लॉक मोटर पंप चोरी होने की शिकायत पर चौकी लटोरी पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी। जांच के दौरान 6 जून 2026 को कृष्णा पंडो, इंदर पंडो तथा एक नाबालिग बालक को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना और चोरी का सामान बेचने की बात स्वीकार की थी।
इस बीच अनुज राजवाड़े, संतोष ठाकुर और पिताम्बर राजवाड़े द्वारा भी अलग-अलग स्थानों से मोटर पंप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी।
डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर चौकी लटोरी पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए मुखबिर सूचना और साक्ष्यों के आधार पर तिलेश्वर प्रसाद राजवाड़े, इन्द्रपाल पैकरा, लालमोहन चेरवा, बिवेश्वर चेरवा उर्फ दारू, टेमसाय उर्फ जदु, गणेश राजवाड़े तथा पारस पैकरा को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 3 मोनोब्लॉक पंप और 2 समरसिबल पंप बरामद किए। पुलिस ने सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी अरुण कुमार गुप्ता के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक दिलेश्वर सिंह, रामनिवास तिवारी तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















