

छत्तीसगढ़ : मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है और आने वाले दिनों में भी राहत देने वाली बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।भारत मौसम विज्ञान विभाग के रायपुर केंद्र के अनुसार आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज चमक और वज्रपात की स्थिति बनने की भी संभावना है।
बादलों की आवाजाही के बीच बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग ने बताया कि सक्रिय मानसून के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और रुक रुककर बारिश होती रहेगी। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने और बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई है। रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई।बारिश के कारण कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालांकि मानसून सीजन की कुल स्थिति देखें तो प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
अगले पांच दिनों तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 21 से 26 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बनी रहेगी। इस दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।कई जिलों में रुक रुककर बारिश जारी रहने से मौसम ठंडा और राहत भरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।











