
बलरामपुर।बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर बाजार स्थित अरविंद ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई लगभग 14.175 किलोग्राम चांदी, घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, औजार, मोबाइल फोन एवं नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 17 अगस्त 2026 की सुबह अरविंद ज्वेलर्स के संचालक ने दुकान का शटर टूटा हुआ पाया। अज्ञात चोर दुकान से बड़ी मात्रा में चाँदी चुनैटी चीलम-03 नग, चाँदी का बेस्लेट कड़ा लेडिज/जेन्स-75 पीस, चाँदी का बचकानी पायल 58 पीस, बच्चों का पैर कड़ा चाँदी का 45 पीस, भगवान मुर्ति चाँदी का 60 पीस, चाँदी का फुल व हाफ कमरधनी 25 पीस, चाँदी का बाल चोटी 02 पीस, चाँदी का हाथ पंजा मिक्स जेवर 20 पीस, चाँदी का पी.जे.जे.व एस.आर.जे. कंपनी का पायल 24 पीस, चाँदी का फैन्सी पायल 50 पीस, चाँदी का हाथ बेरा 80 पीस, चाँदी का ताबिज 200 पीस, चॉदी कंगन चुडी 40 जोड़ी, चाँदी का झुमका बाली, कुण्डल, टप सिरजाना, चन्द्रमा, झाली, क्लिप, अंगुठी बिछिया-500 पीस, चाँदी का पुराना छोटा-बड़ा मिक्स जेवर-200 पीस, वजन लगभग 20 कि.ग्रा. सोना जेवर, मंगलसूत्र, सोना का टुकड़ा जितिया, लरी टप अंगुठी वजन करीब 50 ग्राम व गिलट जेवर मिक्स 10 कि.ग्रा. नगदी रकम 18,000 रूपये को चोरी कर लिया गया है।
पुलिस ने प्रार्थी अरविन्द सोनी की रिपोर्ट पर चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 133/2026 धारा-305, 331(4), 317(2), 5, बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान घटना स्थल के निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को आरोपियों के बिहार के रोहतास जिले में होने की जानकारी मिली। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी द्वारा थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक जितेन्द्र सोनी के नेतृत्व में थाना प्रभारी चलगली, साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर पुलिस टीम को दिनारा जिला रोहतास बिहार के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम को थाना दिनारा में पतासाजी के दौरान आरोपीयों को थाना दिनारा पुलिस की सहायता से हिरासत में लेकर पुछताछ किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी सोनू कुमार चौधरी, शंकर चौधरी, लीलु चौधरी, राजकुमार चौधरी, अंगद चौधरी और नरेन्द्र चौधरी ने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे 15 अगस्त 2026 को एक राय होकर सोनू कुमार चौधरी के पिकअप वाहन क्रमांक BR 26 GC 3631 तथा मोटरसाइकिल क्रमांक MH 15 KR 7977 से वाड्रफनगर पहुंचे थे। 15 से 16 अगस्त तक क्षेत्र की रेकी करने के बाद 17 अगस्त की दरमियानी रात अरविंद ज्वेलर्स की दुकान का शटर लोहे के सब्बल से तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चांदी एवं गिलट के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए जेवरात को बिहार के दिनारा निवासी सुनील कुमार सोनी को लगभग 60 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी सोनू कुमार चौधरी और शंकर चौधरी की निशानदेही पर सुनील कुमार सोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की चांदी को गलाकर सिल्ली बनाने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से 14.175 किलोग्राम चांदी की सिल्ली बरामद की गई।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, लोहे का सब्बल, मोबाइल फोन तथा एक हजार रुपये नगद जब्त किया है। चोरी की संपत्ति को चोरी का माल जानते हुए अपने कब्जे में रखने और उसका स्वरूप बदलने के आरोप में प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, निरीक्षक कुमार चंदन सिंह, सायबर सेल निरीक्षक हिम्मत सिंह, उप निरीक्षक विमलेश सिंह, पीएसआई मनीष साहू, पीएसआई लखेश्वर कश्यप, पीएसआई गोकुल ध्रुव, पीएसआई अजय साहू, सउनि रामजीत राम, आर. संतोष गुप्ता, आर. कृष्णा मरकाम, आर. भुपेन्द्र मरावी,, सायबर सेल आर. राजकमल सैनी, मंगल, प्रशांत, आकाश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

व्यापारियों एवं नगरवासियों ने किया पुलिस टीम का सम्मान
अरविंद ज्वेलर्स चोरी कांड के सफल खुलासे के बाद वाड्राफनगर के नगरवासियों एवं व्यवसायियों ने बलरामपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सम्मान समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी सहित मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। नगरवासियों ने पुलिस की तत्परता, पेशेवर कार्यशैली एवं चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा करने की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन एवं व्यापारियों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।




















