
भोपाल: मध्य प्रदेश में वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपना दल (एस) ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने बूथ और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई है। अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी ‘हर बूथ जीतो’ के संकल्प के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में उतरेगी।
बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए आर. बी. सिंह पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की अनुमति से जल्द ही मध्य प्रदेश प्रदेश कमेटी और पदाधिकारियों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि 2028 का मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण लक्ष्य है। इसे ध्यान में रखते हुए संगठन के विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और बूथ स्तर पर सक्रिय टीम तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पार्टी का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
आर. बी. सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी ने चुनावी तैयारी के तहत जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार बूथ एवं वार्ड स्तर तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। प्रत्येक बूथ तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़कर उन्हें सक्रिय जिम्मेदारियां देने की दिशा में काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में सफलता के लिए केवल शीर्ष स्तर पर मजबूत संगठन होना पर्याप्त नहीं है। असली ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं से मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपना दल (एस) के समर्पित सिपाही के रूप में काम करते हुए पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
आर. बी. सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाना संगठन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों से लोगों को जोड़ने की दिशा में भी अभियान चलाया जाएगा।
इस बीच राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम को संगठन में जल्द नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा भी सामने आई है। माना जा रहा है कि पार्टी मध्य प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर रणनीतिक रूप से संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की तैयारी में है।कुल मिलाकर अपना दल (एस) ने 2028 विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाते हुए ‘हर बूथ जीतो’ अभियान के जरिए प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने और खुद को एक नए व जिम्मेदार विकल्प के रूप में स्थापित करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।




















