
अंबिकापुर: राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में 18 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत ‘जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, विशिष्ट अतिथि एवं जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता तथा अतिविशिष्ट अतिथि एवं आधार वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और वरिष्ठ कवि-कथाकार डॉ. संजय अलंग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि महापौर मंजूषा भगत ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी सभ्यता और संस्कृति को संरक्षित करने के लिए उसे अपने जीवन और व्यवहार में शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने शोधार्थियों एवं इतिहासकारों से आग्रह किया कि वे इतिहास को आदिवासी दृष्टिकोण से देखें और उन ऐतिहासिक तथ्यों एवं नायकों को सामने लाएं, जिन्हें अब तक मुख्यधारा के इतिहास में पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाया है।विशिष्ट अतिथि मनोज गुप्ता ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा से प्रेरणा लेते हुए आदिवासी नायकों को याद करना और उनके अधिकारों के पक्ष में खड़ा होना ही वास्तविक जनजातीय गौरव है।
आधार वक्तव्य देते हुए डॉ. संजय अलंग ने कहा कि वास्तव में हम सभी अपनी मूल संस्कृति से जुड़े हुए हैं। अपनी मूल सांस्कृतिक परंपराओं और जीवनशैली का पालन करना ही आदिवासी संस्कृति का आधार है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का है। यदि हमें अपनी जनजातीय संस्कृति के साथ भारतीय संस्कृति को भी सुरक्षित रखना है, तो आदिवासी भाषाओं में संरक्षित साहित्य को समझने, डिकोड करने और सहेजने की तकनीक विकसित करनी होगी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि इस तरह के अकादमिक आयोजन न केवल ज्ञान को समृद्ध करते हैं, बल्कि शोध की नई दिशाओं और संभावनाओं के द्वार भी खोलते हैं। स्वागत वक्तव्य अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष एस.एन. पाण्डेय ने दिया। उद्घाटन सत्र का संचालन संजीव कुमार लकड़ा ने किया। सेमिनार का विषय प्रवेश संयोजक सुनील अजित कुमार केरकेट्टा ने कराया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रदीप कुमार एक्का ने किया।
तकनीकी सत्रों में शोधार्थियों ने प्रस्तुत किए शोध-पत्र
उद्घाटन सत्र के तत्काल बाद प्रथम तकनीकी सत्र आयोजित हुआ। इसमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज के डॉ. जनार्दन गोंड मुख्य वक्ता तथा प्रो. आर.पी. सिंह अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. गोंड ने जनजातीय इतिहास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजातीय समाज ने विभिन्न संघर्षों और आंदोलनों में अग्रणी भूमिका निभाई है तथा उसका इतिहास अत्यंत प्राचीन और समृद्ध है। इस इतिहास को सामने लाना हम सभी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्रो. आर.पी. सिंह ने जनजातीय समाज के आंतरिक अंतर्विरोधों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान अनेक शोधार्थियों ने अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए।
द्वितीय तकनीकी सत्र की अध्यक्षता पसुषमा भगत ने की। इस सत्र में दस से अधिक शोधार्थियों ने अपने शोध-पत्रों का वाचन किया। इसके साथ ही समानांतर ऑनलाइन सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शोधार्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। इस सत्र का संयोजन विनीत गुप्त ने किया तथा अध्यक्षता डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी ने की।
राष्ट्रीय सेमिनार के दूसरे दिन 19 नवंबर को जनजातीय साहित्य, जनजातीय गौरव के विविध आयामों पर अकादमिक चर्चा होगी। इसके साथ ही समापन सत्र आयोजित किया जाएगा तथा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।सेमिनार में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं सहायक प्राध्यापक, विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्राध्यापक, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से जनजातीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य और अस्मिता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विमर्श का अवसर प्राप्त हुआ।











