
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में ग्राहकों से तीन लाख रुपये लेकर कंपनी के खाते में जमा नहीं करने और राशि का निजी उपयोग करने के मामले में पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिंद्रा थ्री व्हीलर डीलरशिप में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्टार ऑटोमोबाइल्स अंबिकापुर के मैनेजर गुलफेर अहमद ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि संस्थान में कार्यरत सतीश कुमार देवांगन ने कंपनी के नियमों के विपरीत तीन ग्राहकों से नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 3 लाख रुपये प्राप्त किए थे।आरोप है कि कर्मचारी ने ग्राहकों से प्राप्त रकम कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय अपने निजी काम में खर्च कर दी। इसके चलते ग्राहकों को न तो वाहन उपलब्ध कराया गया और न ही उनकी रकम वापस की गई।मामले की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सतीश कुमार देवांगन (39 वर्ष), पिता दुधेलाल देवांगन, निवासी रामपुर मिठ्ठीकला, थाना मणिपुर, अंबिकापुर के रूप में हुई।पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध अपराध से संबंधित साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।इस कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक गीता प्रसाद, जयनाथ राम एवं सैनिक अनिल साहू की सक्रिय भूमिका रही।











