
मध्य प्रदेश : शहडोल जिले में स्कूल परिसर के भीतर पटाखा बम फेंककर धमाका करने का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के पांडव नगर स्थित गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल में तीन स्कूटी सवार युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया। धमाके की आवाज से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और स्कूल की एक खिड़की का शीशा टूट गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
स्कूल की बाउंड्री के भीतर फेंका पटाखा बम
सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर तीन युवक स्कूटी से स्कूल के बाहर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से युवक पटाखा जलाकर स्कूल की बाउंड्री के भीतर फेंकते हैं। कुछ ही देर बाद तेज धमाका होता है और उसकी आवाज पूरे परिसर में गूंज उठती है।
बताया गया है कि घटना के समय स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे। हालांकि, परिसर में कई कर्मचारी रहते हैं। धमाके के बाद भवन में हड़कंप मच गया। खिड़की का शीशा टूटने के अलावा अन्य नुकसान की भी जानकारी सामने आई है।
स्कूल प्रबंधन ने पुलिस से की शिकायत
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने एसपी कार्यालय और कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
स्कूल प्रबंधन का दावा है कि परिसर में इससे पहले भी इस तरह की घटना हो चुकी है। प्रबंधन का आरोप है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवकों ने स्कूल परिसर को निशाना क्यों बनाया और इसके पीछे केवल शरारत थी या कोई दूसरी वजह, इसका पता आरोपियों की पहचान और पूछताछ के बाद ही चल सकेगा।











