नोएडा : में हुई घटना के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि श्रमिकों के अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

घटना की गहन जांच और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के आदेश
मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की गहन जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना को समय रहते रोका जा सके।

हर औद्योगिक इकाई में ग्रीवांस सेल अनिवार्य
सीएम योगी ने कहा कि हर औद्योगिक इकाई में शिकायत निवारण के लिए ग्रीवांस सेल का होना जरूरी है, ताकि श्रमिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उपद्रव फैलाने वालों पर जीरो टॉलरेंस नीति
मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग वास्तविक श्रमिक नहीं हैं और औद्योगिक क्षेत्रों में अशांति या उपद्रव फैलाते हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

सार्वजनिक स्थानों पर तस्वीरें लगाने के निर्देश
सीएम योगी ने निर्देश दिया कि उपद्रव फैलाने वाले और अव्यवस्था पैदा करने वाले लोगों की पहचान कर उनकी तस्वीरें सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित की जाएं, ताकि आम जनता को सच्चाई की जानकारी मिल सके। इसे उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा बताया।

श्रमिकों के लिए आवास और सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों के लिए डॉरमेट्री निर्माण और सस्ते व सुलभ आवासीय योजनाओं की कार्ययोजना जल्द तैयार की जाए। साथ ही औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से कार्यस्थलों पर बेहतर मेस और भोजन सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!