MP : मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान के बीच इंदौर में गर्मी के तेवर और तेज हो गए हैं। इसका सीधा असर स्कूल जाने वाले बच्चों पर पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है।

अब सुबह 7 बजे से 12 बजे तक चलेंगे स्कूल
नए आदेश के अनुसार अब इंदौर जिले में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूल सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। हालांकि परीक्षाओं के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है और परीक्षाएं पहले की तरह निर्धारित समय पर ही होंगी।

आंगनबाड़ियों का समय भी बदला गया
जिले में संचालित सभी आंगनबाड़ियों का समय भी संशोधित किया गया है। अब ये सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेंगी। हालांकि कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की अन्य गतिविधियां पहले की तरह जारी रहेंगी।

तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि देखने को मिल सकती है। बुधवार को दिन में तेज धूप के कारण लोगों को भारी गर्मी का सामना करना पड़ा, जबकि शाम के समय उमस ने परेशानी और बढ़ा दी।

कलेक्टर के आदेश में स्पष्ट कारण बताया गया
जारी आदेश में कहा गया है कि ग्रीष्म ऋतु के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसी कारण स्कूलों के समय में यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!