

बलरामपुर। धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी को वाड्रफनगर पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा। आरोपी के खिलाफ थाना बसंतपुर अंतर्गत चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 10/2024 दर्ज था।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में प्रार्थी ओमप्रकाश कुशवाहा ने लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि “हमारी दिशा हमारे कदम” नामक संस्था दिल्ली के संचालक राजेश कुमार एवं उसके सहयोगी मनोज चौहान द्वारा कोविड-19 के दौरान कई गांवों में सैनिटाइजर छिड़काव का कार्य कराया गया था।आरोप है कि कार्य कराने के बाद संस्था संचालकों ने मजदूरी एवं भुगतान के नाम पर करीब 9 लाख 30 हजार रुपये की राशि नहीं दी और मांग करने पर टालमटोल करते रहे। बाद में संस्था बंद कर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध धारा 420 एवं 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी करीब तीन वर्षों से फरार चल रहा था। विवेचना के दौरान पुलिस को टेक्निकल इनपुट मिले, जिसके आधार पर आरोपी का लोकेशन बिहार के सीतामढ़ी जिले में मिला।
वाड्रफनगर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश कुमार पिता रामपुकार को ग्राम रूनी, थाना रूनी सैदपुर जिला सीतामढ़ी (बिहार) से गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।





















