
बलरामपुर: बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में पशु तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर 2026 की रात करीब 1 बजे नीलकंठपुर निवासी नानकचंद राम भगत को सूचना मिली थी कि कुसमी-जशपुर मार्ग पर कुछ लोग चार भैंसों को डंडे से मारते-पीटते हुए क्रूरतापूर्वक हांककर ले जा रहे हैं। सूचना के बाद प्रार्थी ने ग्रामीणों को जानकारी दी और संदिग्ध लोगों एवं पशुओं का पीछा शुरू किया।इसी दौरान ग्राम भवानीपुर के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और पुलिस की सक्रियता से लवकशपुर एवं भवानीपुर के बीच लावा नदी के पास संदिग्ध लोगों को रोकने का प्रयास किया गया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर नदी की ओर भागने में सफल रहा।पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में उनकी पहचान अशोक उर्फ अकबर निवासी ग्राम बहेरना, थाना आस्ता, जिला जशपुर तथा राजदीप बुनकर, निवासी ग्राम खम्हली, थाना आस्ता, जिला जशपुर के रूप में हुई। पूछताछ में फरार आरोपी जियाउल अंसारी (33) निवासी ग्राम खम्हली, थाना आस्ता, जिला जशपुर का नाम सामने आया था।पुलिस के मुताबिक जियाउल अंसारी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। कुसमी पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 83/2026 में छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 के तहत की गई है।




















