
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत बालक समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद टीम ने महज एक घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया। मामले में घटना में प्रयुक्त स्कूटी और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना लुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 231/26 के तहत बीएनएस की धारा 137(2)(1), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़िता का कथन दर्ज किया और मामले में शामिल संदिग्धों की जानकारी जुटाई।जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार आरोपियों को पकड़ा। इनमें सुनील कुमार नागेश (19), मंगल राम (24) और शैलेन्द्र लकड़ा (29), सभी निवासी ग्राम अगासी, थाना लुण्ड्रा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में चारों के घटना में शामिल होने की बात सामने आई। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और मोटरसाइकिल जब्त की गई।पुलिस ने बताया कि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। वहीं, तीनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी, प्रधान आरक्षक नारायण मिंज, महिला आरक्षक प्रेमा मरावी तथा आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान और धीरेन्द्र पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















