

रायपुर: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेशभर में तेज हवाओं, मेघगर्जन और बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। इसके बाद तापमान में फिर धीरे-धीेरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन भी दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज हुआ।
बारिश के प्रमुख आंकड़ों में गादीरास में 2 सेमी तथा जगरगुंडा, दरभा, लोहांडीगुड़ा और नारायणपुर में 1-1 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा आंतरिक ओडिशा के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर देखने को मिल रहा है।
रायपुर शहर में 05 मई को आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले तीन घंटों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, में बादल गरजने, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा (30-40 KMPH) और वर्षा की संभावना जताई है.





















