

बलरामपुर/राजपुर। विश्व हाथी दिवस के अवसर पर वन परिक्षेत्र राजपुर के तत्वावधान में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय राजपुर में चित्रकला, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह आयोजन वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेयी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिताओं में विद्यालय के जूनियर एवं सीनियर वर्ग के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों के बीच हाथी संरक्षण, वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा तथा मानव-हाथी सह-अस्तित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।क्विज प्रतियोगिता में हाथियों के रहवास, हाथी कॉरिडोर, प्रोजेक्ट एलीफेंट तथा वन्यजीव संरक्षण से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को जंगली हाथियों के साथ सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण मानव-हाथी सह-अस्तित्व, हाथियों के व्यवहार, उनके संरक्षण तथा हाथियों से होने वाली संभावित परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही वन एवं वन्यजीव संरक्षण में विद्यार्थियों एवं आमजन की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।विश्व हाथी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं वन विभाग के अधिकारियों ने हाथियों, वनों तथा वन्यजीवों के संरक्षण और मानव-हाथी सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया।











