

बलरामपुर/राजपुर। राजपुर क्षेत्र के कद्दावर कांग्रेसी नेता एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय पुरुषोत्तम तिवारी की 23वीं पुण्यतिथि पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित कांग्रेसजनों एवं परिजनों ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर धूप-दीप प्रज्वलित किया तथा दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात रामायण पाठ का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर स्व. पुरुषोत्तम तिवारी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में जनसेवा और संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित किया। वे क्षेत्र के लोगों से आत्मीय संबंध रखने वाले सहज, सरल और जनप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे। कांग्रेस संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकर्ताओं के प्रति उनका स्नेह तथा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की उनकी कार्यशैली आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

स्व. तिवारी ने सामाजिक सरोकारों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और समाज में आपसी भाईचारा एवं सद्भाव कायम रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजनीतिक जीवन में उन्होंने कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने में सक्रिय योगदान दिया। उनके सेवा एवं समर्पण की स्मृतियां आज भी क्षेत्रवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जीवंत हैं।
पुण्यतिथि के अवसर पर वर्षों से चली आ रही सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बालक आश्रम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में बच्चों, मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए गए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. पुरुषोत्तम तिवारी के समाजसेवा के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नारद तिवारी, राजेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, सुनील सिंह, राजकुमार सोनी, जितेंद्र गुप्ता, लाल साय मिंज, सतेंद्र पाण्डेय, केशधर दुबे, खोरेन खलखो, सुरेश सोनी, संतोष सिंह, पूरन जायसवाल, अनिल तिवारी, महेंद्र तिवारी, मनोज अग्रवाल, विकास अम्बष्ठ, प्रमोद ठाकुर, नीरज तिवारी, आलोक सिंह, निश्चल तिवारी, आदि तिवारी सहित परिवार के सदस्य एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।











