बलरामपुर/राजपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को राजपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मौसम की बेरुखी और  बारिश भी लोगों के देशभक्ति के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।

राज्य सरकार द्वारा 10 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापक स्तर पर हर घर तिरंगा अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेशभर में लगभग 3 हजार स्थानों पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला, मंडल, पंचायत और बूथ स्तर तक राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 11 अगस्त को दोपहर 1 बजे महुआपारा हाईस्कूल मैदान से सरगुजा पेट्रोल पंप तक पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान भारत माता के जयघोष और देशभक्ति नारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा। तिरंगा यात्रा में स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों की विशेष भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम में एसडीएम देवेंद्र प्रधान, जनपद पंचायत सीईओ संजय दुबे, नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह, नगर अध्यक्ष धरम सिंह,थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह, एबीईओ जतरू नागदेव, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

इस अवसर पर अधिकारियों ने नागरिकों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। बताया गया कि जिले में 15 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 अगस्त तक विशेष कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।तिरंगा यात्रा ने राजपुर में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता दिवस के उत्साह का अनूठा संदेश दिया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!