

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के थाना बसंतपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंड टू एंड कार्रवाई के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 204/2025 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है। मामले में आरोपी रवि कुमार गुप्ता पिता रमेश प्रसाद गुप्ता (28 वर्ष), निवासी बहादुरपुर कोपवा, थाना फेफना, जिला बलिया, उत्तर प्रदेश फरार चल रहा था। इस मामले की शुरुआत 9 नवंबर 2025 को हुई थी। उस दौरान बसंतपुर पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार यादव निवासी वंशराज बिगहा, रोहतास, बिहार के कब्जे से ट्रैक्टर की हाइड्रोलिक ट्रॉली में छिपाकर रखा गया 117 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े फरार आरोपियों की तलाश शुरू की।इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का फरार आरोपी रवि कुमार गुप्ता अपने गृह ग्राम थाना क्षेत्र में आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ आरोपी की गतिविधियों की पुष्टि की और बसंतपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई।पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय बलिया, उत्तर प्रदेश के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाया गया। इसके बाद 10 अगस्त 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय राजपुर के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से न्यायिक रिमांड प्राप्त होने के बाद आरोपी को जेल वारंट पर जेल दाखिल करा दिया गया।पुलिस का कहना है कि मामले में एंड टू एंड कार्रवाई के तहत गांजा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।











