जबलपुर : में बिजली बिल बकाया वसूली को लेकर एक अनोखा और सख्त मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत कंपनी ने कार्रवाई करते हुए कई उपभोक्ताओं के घरों से घरेलू सामान जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

कई घरों से फ्रिज, कूलर और बाइक जब्त
बुधवार को अलग अलग इलाकों में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने बकायादार उपभोक्ताओं के घरों से फ्रिज, कूलर, टीवी और बाइक जैसी वस्तुएं जब्त कीं। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम लंबे समय से बकाया राशि जमा न करने के कारण उठाया गया है।

घर पर चस्पा किया गया कुर्की नोटिस
हनुमानताल क्षेत्र के सुब्बाशाह बहोराबाग निवासी रोशन जमीर पर 62 हजार 582 रुपये का बिजली बिल बकाया पाया गया। कई बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान न होने पर टीम ने कुर्की वारंट जारी करते हुए उनके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया।

इन उपभोक्ताओं पर भी हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान प्रेस सागर निवासी अजय शर्मा की बाइक, लक्ष्मी बाई के घर से कूलर, रोशन जमीर के घर से फ्रिज और बबलू अहिरवार के घर से टीवी जब्त किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया भुगतान के बाद जब्त सामान वापस कर दिया जाएगा।

वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा
अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि कई बार नोटिस देने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं की गई, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कुछ उपभोक्ताओं ने सामान जब्ती के बाद तुरंत भुगतान भी किया है, और वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!